सूरजपुर | जिले के ग्राम देवीपुर में स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला के आसपास संचालित अवैध गिट्टी क्रेशर प्लांट और केतका जंगल क्षेत्र में अनियंत्रित उत्खनन को लेकर शिवसेना छत्तीसगढ़ (उद्धव बालासाहेब) ने गंभीर चिंता जताई है। इस संबंध में पार्टी पदाधिकारियों ने कलेक्टर, सूरजपुर को ज्ञापन सौंपते हुए बच्चों के जीवन, शिक्षा और क्षेत्रीय पर्यावरण की सुरक्षा हेतु तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया कि देवीपुर स्थित स्कूल जिला मुख्यालय से महज 7 किलोमीटर की दूरी पर है, जहां नौनिहाल बच्चे शिक्षा ग्रहण करते हैं। दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति यह है कि स्कूल परिसर के समीप हाई वोल्टेज ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया है, जिससे कभी भी बड़ी दुर्घटना घटित होने की आशंका बनी हुई है।

प्रदूषण से प्रभावित हो रहा बचपन

ज्ञापन के अनुसार, विद्यालय तक पहुंचने वाला मार्ग गिट्टी क्रेशर प्लांट की ओर जाने वाला मुख्य रास्ता है, जहां दिन-रात भारी ट्रक और ट्रैक्टरों का आवागमन होता है। उड़ती धूल, शोर और प्रदूषण के कारण पूरा स्कूल परिसर जहरीले वातावरण में तब्दील हो गया है। इसका सीधा असर बच्चों की पढ़ाई और स्वास्थ्य पर पड़ रहा है।
ग्रामीणों में दमा, सांस संबंधी रोग, आंखों में जलन, त्वचा रोग जैसी बीमारियों में लगातार वृद्धि हो रही है। सबसे चिंताजनक तथ्य यह बताया गया कि विद्यालय से मात्र 200 मीटर की दूरी पर कई गिट्टी क्रेशर प्लांट संचालित हैं, जो पर्यावरण संरक्षण नियमों और शिक्षा विभाग के दिशा-निर्देशों का खुला उल्लंघन है।

केतका जंगल पर मंडरा रहा खतरा
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि केतका जंगल क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध उत्खनन कराया जा रहा है। शिवसेना का आरोप है कि बिना पर्यावरण स्वीकृति, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की अनुमति और वैध दस्तावेजों के क्रेशर प्लांट संचालित किए जा रहे हैं। इससे न केवल जंगल और प्राकृतिक संसाधनों का विनाश हो रहा है, बल्कि क्षेत्र के आदिवासी एवं मूलनिवासी परिवारों के जीवन पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

ज्ञापन की प्रमुख मांगें

स्कूल परिसर से ट्रांसफार्मर को तत्काल हटाकर सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया जाए

विद्यालय के 500 मीटर के दायरे में संचालित सभी गिट्टी क्रेशर प्लांट की संयुक्त जांच कराई जाए

अवैध क्रेशर प्लांट एवं उत्खनन कार्य को तुरंत बंद कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो

केतका जंगल में हुए उत्खनन की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए

बच्चों और ग्रामीणों के स्वास्थ्य की सुरक्षा हेतु स्वास्थ्य जांच शिविर एवं स्थायी प्रदूषण नियंत्रण व्यवस्था लागू की जाए

जनआंदोलन की चेतावनी
शिवसेना ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते प्रशासन द्वारा ठोस और निर्णायक कार्रवाई नहीं की गई, तो पार्टी को जनहित में आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

ज्ञापन सौंपने वालों में शामिल
विष्णु वैष्णव जिलाध्यक्ष, शिवसेना (सूरजपुर)
हेमंत कुमार महंत ग्रामीण जिलाध्यक्ष
मोहन टेकाम ब्लॉक अध्यक्ष, सूरजपुर

“विकास वही सार्थक है, जो बच्चों की शिक्षा, लोगों के स्वास्थ्य और जंगलों की हरियाली को सुरक्षित रखे।”

error: Content is protected !!