सूरजपुर। सूरजपुर नगर पालिका क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले विभिन्न वार्डों में इन दिनों आवारा कुत्तों का आतंक गंभीर रूप ले चुका है। भट्ठापारा, अग्रेशन चौक लंका पारा से मानपुर रिंग रोड तक सहित नगर के कई इलाकों में आवारा कुत्तों के झुंड खुलेआम घूमते नजर आ रहे हैं, जिससे आम नागरिकों में भय का माहौल बना हुआ है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, रात करीब 9 बजे के बाद स्थिति और भी भयावह हो जाती है। यदि कोई अकेला व्यक्ति या छोटा बच्चा किसी आवश्यक कार्य से बाहर निकलता है, तो आवारा कुत्तों का झुंड उसे घेरकर दौड़ाने लगता है। कई बार कुत्ते अचानक झपट्टा मारते हैं, जिससे लोगों को गंभीर चोट लगने का खतरा बना रहता है।

रात 9 बजे के बाद निकलना मुश्किल, बच्चों और राहगीरों की सुरक्षा पर सवाल

नगरवासियों का कहना है कि इन आवारा कुत्तों को न तो रेबीज से बचाव का टीका लगाया गया है और न ही पशुपालन विभाग या नगर पालिका द्वारा इनके नियंत्रण के लिए कोई प्रभावी व्यवस्था की गई है। ऐसे में किसी भी समय बड़ी दुर्घटना होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

बताया जा रहा है कि आवारा कुत्तों के हमले का शिकार कई राहगीर और यात्री पहले ही हो चुके हैं, हालांकि वे किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहे। इसके बावजूद अब तक संबंधित विभागों की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है,

जिससे लोगों में प्रशासनिक उदासीनता को लेकर रोष भी बढ़ता जा रहा है। नगरवासियों ने जिला प्रशासन, नगर पालिका और पशुपालन विभाग से मांग की है कि आवारा कुत्तों की धरपकड़, नसबंदी और रेबीज टीकाकरण की व्यवस्था तत्काल शुरू की जाए, ताकि शहर में लोगों को सुरक्षित माहौल मिल सके और किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

error: Content is protected !!