सूरजपुर- आम आदमी पार्टी सूरजपुर ने छत्तीसगढ़ में बिजली दरों में की गई वृद्धि को वापस लेने की मांग को लेकर मंगलवार को जिला कलेक्टर सूरजपुर को ज्ञापन सौंपा।

पार्टी के जिला अध्यक्ष रवि जायसवाल के नेतृत्व में यह ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें सरकार से आग्रह किया गया है कि बढ़ी हुई बिजली दरों को शीघ्र वापस लेकर आम जनता को राहत दी जाए।

दर वृद्धि वापस लेने की मांग, कहा – आम जनता पर बढ़ रहा आर्थिक बोझ
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि जुलाई माह से राज्य सरकार द्वारा बिजली दरों में वृद्धि की गई है, जिससे आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ गया है। पहले से ही महंगाई की मार झेल रहे उपभोक्ताओं के लिए यह वृद्धि अत्यंत कष्टदायक साबित हो रही है।

रवि जायसवाल ने कहा कि राज्य सरकार की यह नीति जनविरोधी है, क्योंकि इसके कारण घरेलू और व्यावसायिक उपभोक्ताओं की जेब पर सीधा असर पड़ रहा है।

उन्होंने आगे कहा कि विद्युत विभाग के कर्मचारियों के वेतन और अन्य खर्चों के नाम पर यह वृद्धि जायज़ नहीं ठहराई जा सकती। आम जनता की जेब से वसूला गया पैसा यदि जनहित के कामों में नहीं लग रहा, तो यह सरकार की नीतियों की विफलता को दर्शाता है।

आम आदमी पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार द्वारा बिजली दर वृद्धि को वापस नहीं लिया गया, तो आने वाले समय में जनहित में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

इससे पूर्व भी पार्टी ने 3 अक्टूबर 2025 को इसी मांग को लेकर सरकार को ज्ञापन सौंपा था, किंतु अब तक कोई सकारात्मक पहल नहीं की गई है।

ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन रायपुर तथा छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड को भी प्रेषित की गई है।

error: Content is protected !!