अंबिकापुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के निर्माण का संदेश देते हुए प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन द्वारा संचालित स्किल डेवलपमेंट ट्रेनिंग सेंटर, अंबिकापुर के ऑटोमोटिव 4 व्हीलर ट्रेड के विद्यार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों ने वन मंडल जिला कार्यालय, अंबिकापुर परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

इस अवसर पर मुख्य वन संरक्षक (सीसीएफ), एसडीओ एवं रेंजर आशीष देवांगन की विशेष उपस्थिति रही। अतिथियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण केवल एक अभियान नहीं बल्कि हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन के कारण पर्यावरणीय संतुलन लगातार प्रभावित हो रहा है। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति को वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे तथा उनके संरक्षण और नियमित देखभाल का संकल्प भी लिया। साथ ही पर्यावरण को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाए रखने के लिए लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया। उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि एक पौधा केवल पेड़ नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, छाया, जल संरक्षण और बेहतर जीवन का आधार है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखरेख भी करनी चाहिए।
प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन द्वारा समय-समय पर सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इसी कड़ी में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें प्रकृति संरक्षण के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण संबंधी विचार भी साझा किए और अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का संकल्प दोहराया।कार्यक्रम में प्रथम संस्था के सेंटर हेड देवी शंकर दुबे, दिनेश सारथी, दिलीप, आयुष, डेविड, प्रहलाद, गीतांजलि सहित सभी विद्यार्थी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर पर्यावरण संरक्षण को जन-जन तक पहुंचाने और हरित अंबिकापुर के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता और अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने के संदेश के साथ हुआ।
