सूरजपुर- सूरजपुर शहर के महुआपारा में शीतला माता मंदिर के सामने एक अधेड़ उम्र के व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। निर्माणाधीन मकान के समीप मजदूरों के रहने के लिए बनाए गए आवास में व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक के शरीर पर धारदार हथियार से हमला किए जाने की आशंका है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, महुआपारा के वार्डवासियों ने घटना की सूचना कोतवाली सूरजपुर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर प्रारंभिक जांच की। हालांकि, अभी तक मृतक की मौत के वास्तविक कारणों और घटना को अंजाम देने वाले व्यक्ति के संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल पर फॉरेंसिक विशेषज्ञों और डॉग स्क्वायड की टीम के पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। टीम के पहुंचने के बाद घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए जाने की संभावना है। पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि यह हत्या का मामला है या मौत के पीछे कोई अन्य कारण है।

शहर के रिहायशी इलाके में हुई इस घटना ने कानून-व्यवस्था और आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है। अब सभी की निगाहें पुलिस जांच और फॉरेंसिक रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे इस संदिग्ध मौत की गुत्थी सुलझने की उम्मीद है।

