कोटया में सरकारी निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीण ने की शिकायत, नींव से लेकर सरिया और निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर भी उठाए सवाल
भैयाथान/सूरजपुर। जनपद पंचायत भैयाथान अंतर्गत ग्राम पंचायत कोटया में विधायक मद से निर्माणाधीन शेड का निर्माण कार्य विवादों के घेरे में आ गया है। निर्माण कार्य में कथित अनियमितता और गुणवत्ता में कमी का आरोप लगाते हुए ग्रामवासी भृगु प्रसाद रजवाड़े ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत भैयाथान के समक्ष लिखित शिकायत प्रस्तुत की है। शिकायतकर्ता ने पूरे मामले की निष्पक्ष तकनीकी जांच कराकर वास्तविक स्थिति सामने लाने की मांग की है।
स्वीकृत माप और मौके के निर्माण में अंतर का आरोप
शिकायतकर्ता के अनुसार शेड निर्माण के लिए स्वीकृत अभिलेखों में कॉलम का माप 9×12 दर्शाया गया है, जबकि मौके पर कथित रूप से करीब 9×9 के माप में निर्माण किया जा रहा है। इसी अंतर को लेकर निर्माण कार्य की गुणवत्ता और स्वीकृत प्राक्कलन के पालन पर सवाल उठाए गए हैं।
शिकायत में केवल निर्माण के माप को लेकर ही नहीं, बल्कि नींव की गहराई, सरिया की मात्रा एवं उपयोग, ईंट, गिट्टी, सीमेंट सहित अन्य निर्माण सामग्री की मात्रा और गुणवत्ता को लेकर भी आपत्ति दर्ज कराई गई है।
मौके पर तकनीकी सत्यापन की मांग

शिकायतकर्ता ने मांग की है कि संबंधित तकनीकी अधिकारी अथवा इंजीनियर को मौके पर भेजकर निर्माण कार्य का भौतिक एवं तकनीकी सत्यापन कराया जाए। इसके साथ ही स्वीकृत प्राक्कलन, तकनीकी मापदंड और मौके पर किए गए वास्तविक निर्माण का मिलान कराया जाए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि निर्माण कार्य स्वीकृत मापदंडों के अनुरूप किया जा रहा है या नहीं।
यदि जांच में निर्धारित मापदंडों के विपरीत निर्माण अथवा शासकीय राशि के उपयोग में अनियमितता सामने आती है, तो जिम्मेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने तथा शासकीय राशि की वसूली की मांग भी शिकायत में की गई है।
CEO बोले—जांच में सामने आएगी वास्तविक स्थिति
मामले में जनपद पंचायत भैयाथान के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय गुप्ता ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है। शेड निर्माण कार्य में लगाए गए आरोपों की तकनीकी जांच कराई जाएगी। जांच के दौरान यदि किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

जांच के बाद साफ होगी तस्वीर
सरकारी राशि से होने वाले निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता को लेकर समय-समय पर सवाल उठते रहे हैं। ऐसे में कोटया के इस निर्माण कार्य को लेकर सामने आई शिकायत के बाद अब तकनीकी जांच महत्वपूर्ण मानी जा रही है। शिकायतकर्ता ने प्रशासन से शीघ्र मौके का निरीक्षण कराकर जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
हालांकि, निर्माण में वास्तव में अनियमितता हुई है या नहीं, यह तकनीकी जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

