सूरजपुर- जिला मुख्यालय के वार्ड क्रमांक 7 सरदार भगत सिंह वार्ड में सड़क पर कथित अतिक्रमण के कारण रहवासियों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। सड़क के दोनों ओर पक्के निर्माण कर लिए जाने से मार्ग संकरा हो गया है, जिससे मोहल्ले में चारपहिया वाहनों की आवाजाही लगभग बंद हो चुकी है।

परेशान वार्डवासियों ने इस गंभीर समस्या को लेकर महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े से मुलाकात कर सड़क चौड़ीकरण एवं कब्जा हटाने की मांग की।
मंत्री ने नागरिकों को आश्वस्त करते हुए कहा कि यह मामला अब उनके संज्ञान में आया है और संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर उचित कार्रवाई कराने की पहल की जाएगी। मंत्री के इस आश्वासन से वार्डवासियों में समाधान की उम्मीद जगी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि वे पिछले दो वर्षों से न्याय के लिए भटक रहे हैं। इस दौरान एसडीएम न्यायालय, प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय तक अपनी बात पहुंचा चुके हैं, लेकिन अब तक समस्या जस की तस बनी हुई है।
रहवासियों के अनुसार सड़क संकरी होने से न केवल दैनिक आवागमन प्रभावित है, बल्कि आपातकालीन स्थिति में एंबुलेंस और अन्य जरूरी वाहनों के प्रवेश में भी भारी दिक्कत हो सकती है। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

वार्डवासियों ने आरोप लगाया कि जिम्मेदार विभाग और प्रशासनिक अधिकारी मामले से दूरी बनाए हुए हैं, जबकि समस्या दिन-प्रतिदिन गंभीर होती जा रही है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क से अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो आने वाले समय में हालात और खराब हो सकते हैं।
अब नागरिकों की नजर मंत्री के आश्वासन के बाद प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है। मोहल्लेवासियों ने मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क से कब्जा हटाकर चौड़ीकरण कराया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
