सूरजपुर। जिले में सोमवार को गौ सम्मान और गौ संरक्षण को लेकर व्यापक जनअभियान चलाया गया। गोसेवकों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने, देशभर में गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने तथा गौसेवा के लिए सशक्त कानून बनाने की मांग को लेकर हस्ताक्षर अभियान चलाया। अभियान में बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर समर्थन जताया।

कार्यक्रम के दौरान नगर एवं आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने उत्साहपूर्वक हस्ताक्षर कर अपनी सहभागिता दर्ज कराई। अभियान के बाद राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम अलग-अलग ज्ञापन प्रशासन को सौंपे गए।

ज्ञापन में कहा गया कि भारतीय संस्कृति में गौमाता का विशेष स्थान है और सदियों से समाज में उन्हें श्रद्धा एवं सम्मान की दृष्टि से देखा जाता रहा है। ऐसे में गौवंश संरक्षण के लिए कठोर कानून बनाए जाने तथा गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लागू करने की आवश्यकता है।

आयोजकों ने कहा कि यह अभियान केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था, कृषि व्यवस्था और पर्यावरण संरक्षण से भी जुड़ा हुआ है। उन्होंने सरकार से मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।

अभियान के दौरान बड़ी संख्या में गौसेवक, सामाजिक संगठन के प्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में जनसमर्थन और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

error: Content is protected !!