सूरजपुर। बजरंग दल जिला सूरजपुर द्वारा शुक्रवार को राष्ट्रहित, सामाजिक सुरक्षा तथा जनसरोकारों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने देश में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों, महिलाओं की सुरक्षा, सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जों, जबरन धर्मांतरण तथा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली घटनाओं पर चिंता जताते हुए कठोर कार्रवाई की मांग की।

संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों में लगातार ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे आम नागरिकों में भय और असुरक्षा का वातावरण बन रहा है। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि महिलाओं के साथ अपराध, शोषण तथा धोखाधड़ी के मामलों में त्वरित जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

ज्ञापन में सार्वजनिक, शासकीय एवं सुरक्षा से जुड़ी भूमि पर हो रहे अवैध कब्जों को तत्काल हटाने तथा भविष्य में ऐसे मामलों पर रोक लगाने के लिए सख्त नीति लागू करने की मांग भी की गई। संगठन का कहना है कि शासकीय भूमि पर अतिक्रमण से प्रशासनिक कार्य प्रभावित होते हैं और आमजन को भी परेशानी उठानी पड़ती है।


इसके साथ ही जबरन धर्मांतरण जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए कठोर केंद्रीय कानून बनाने, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू करने तथा जनजातीय इलाकों में जागरूकता एवं सुरक्षा तंत्र मजबूत करने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई।

बजरंग दल पदाधिकारियों ने कहा कि राष्ट्र की एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। प्रशासन को चाहिए कि समाज में अशांति फैलाने वाले तत्वों पर सख्ती से कार्रवाई कर जनता का विश्वास मजबूत करे।

ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला संयोजक अनुज साहू सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!