सूरजपुर। जिला मुख्यालय के नवापारा मेन रोड पर जिला अस्पताल के सामने स्थित कलेक्टर एस. जयवर्धन के निवास आवास के शासकीय जमीन पर अवैध रूप से दुकानों का निर्माण कराए जाने का मामला सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि कलेक्टर निवास की शासकीय भूमि पर दिनदहाड़े बेखौफ तरीके से दुकान निर्माण कार्य कराया जा रहा है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों तक जानकारी पहुंचने के बाद भी अब तक इस पर कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है।

बताया जा रहा है कि नवापारा मार्ग से होकर ही जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी संयुक्त कलेक्टर कार्यालय तक पहुंचते हैं। इसके बावजूद कलेक्टर आवास के पास हो रहे इस अवैध निर्माण कार्य को रोकने के लिए प्रशासनिक अमले द्वारा अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार जब इस निर्माण कार्य की शुरुआत हुई थी, उसी समय यदि राजस्व विभाग की टीम द्वारा तत्काल कार्रवाई की जाती तो यह निर्माण आगे नहीं बढ़ पाता। लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं होने के कारण अब यह अवैध दुकान निर्माण कार्य लगभग पूर्ण होने की स्थिति में पहुंच गया है।

जानकारी के अनुसार इस मामले की सूचना जिम्मेदार अधिकारियों तक भी पहुंचाई जा चुकी है। इसके बावजूद अवैध निर्माण कार्य लगातार जारी रहना प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।
और वही शहर में अन्य स्थानों पर शासकीय जमीन पर होने वाले अवैध निर्माण की बात करें तो राजस्व विभाग द्वारा कई बार तत्काल तोड़फोड़ की कार्रवाई देखने को मिलती है। लेकिन कलेक्टर निवास के पास हो रहे इस निर्माण कार्य को लेकर अब तक कोई कार्रवाई नहीं होना चर्चा का विषय बना हुआ है।

ऐसे में अब लोगों की नजर इस बात पर टिकी है कि प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेते हुए शासकीय जमीन पर हो रहे अवैध निर्माण को रोकने ब धराशाही करने के लिए क्या कदम उठाता है और जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होती है।
