सूरजपुर/रामानुजनगर।
सूरजपुर जिले के रामानुजनगर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत परशुरामपुर में संचालित हाई स्कूल में आगामी दिनों में प्रारंभ होने वाली 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा को लेकर सरपंच मीरा लालकेश्वर सिंह ने विद्यालय पहुंचकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर सरपंच ने छात्रों से ईमानदारी, धैर्य और आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देने की अपील की। उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षा विद्यार्थियों के जीवन में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, जो आगे की पढ़ाई और भविष्य को दिशा देने का कार्य करती है।

सरपंच ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि परीक्षा के दौरान घबराएं नहीं, प्रश्नों को ध्यानपूर्वक पढ़कर उत्तर लिखें और मन से डर को पूरी तरह निकाल दें। उन्होंने यह भी कहा कि नियमित अभ्यास और सकारात्मक सोच से सफलता निश्चित मिलती है।
मेरिट छात्रों को मिलेगा पुरस्कार
सरपंच मीरा लालकेश्वर सिंह ने घोषणा करते हुए बताया कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी अच्छे अंक प्राप्त करने वाले छात्रों को प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान प्रदान किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि—
कक्षा 12वीं के छात्रों को 2100 रुपये नकद पुरस्कार
कक्षा 10वीं के छात्रों को 1100 रुपये नकद पुरस्कार
यह पुरस्कार स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर प्रदान किए जाएंगे। साथ ही मेरिट छात्रों के माता-पिता को भी शाल एवं श्रीफल देकर सम्मानित किया जाएगा।
सरपंच द्वारा शिक्षा को बढ़ावा देने और विद्यालय तथा गांव की गरिमा बनाए रखने के उद्देश्य से यह पहल विगत वर्षों से लगातार की जा रही है, जिससे विद्यार्थियों को प्रेरणा मिले और शिक्षा का स्तर और अधिक मजबूत हो सके।
