खबर लगातार…..

सूरजपुर।
नगर पालिका सूरजपुर के अंतर्गत आने वाले समस्त वार्डों में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। शहर के भट्ठापारा, अग्रेशन चौक, लंका पारा, मानपुर रिंग रोड सहित चौपाटी के आसपास के इलाकों में आवारा कुत्तों की संख्या इतनी बढ़ गई है कि स्थानीय नागरिकों में भय का माहौल बन गया है।

वार्डवासियों का कहना है कि रात के 9 बजे हो या फिर दिन के समय, लोग घर से बाहर निकलने में डर महसूस कर रहे हैं। खासतौर पर छोटे बच्चों और बुजुर्गों के लिए स्थिति अधिक चिंताजनक बनी हुई है। कई वार्डों में लोग अपने दैनिक कार्यों के लिए भी बाहर निकलते समय भयभीत रहते हैं कि कहीं आवारा कुत्ते अचानक हमला न कर दें।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि नगर पालिका क्षेत्र में सैकड़ों की संख्या में आवारा कुत्ते मौजूद हैं, लेकिन अब तक इनके नियंत्रण और रोकथाम के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। नागरिकों का कहना है कि इन कुत्तों को रेबीज का इंजेक्शन भी नियमित रूप से नहीं लगाया जा रहा है, जिससे काटने की स्थिति में रेबीज जैसी घातक बीमारी का खतरा बढ़ सकता है।

वार्डवासियों ने मांग की है कि नगर पालिका प्रशासन एवं पशुपालन विभाग मिलकर आवारा कुत्तों की संख्या नियंत्रित करने, टीकाकरण कराने और शहर में बढ़ते आतंक को रोकने के लिए तत्काल कार्रवाई करें।

अब यह देखना होगा कि समाचार प्रकाशन के बाद नगर पालिका प्रशासन एवं संबंधित विभाग इस गंभीर समस्या पर क्या संज्ञान लेते हैं और वार्डों में बढ़ते आवारा कुत्तों के आतंक को रोकने के लिए कुछ कदम उठाते भी हैं या नहीं।

error: Content is protected !!