सूरजपुर / जिला प्रभारी व खाद्य मंत्री दयालदास बघेल के मुख्य आतिथ्य में धान खरीदी महोत्सव का शुभारंभ विधिवत पूजा अर्चना कर आदिम जाति सेवा सहकारी समिति चंदरपुर में किया गया। इस जिला स्तरीय कार्यक्रम में क्षेत्र के कृषक बंधु महतो भगत (ग्राम – आमगांव) द्वारा 29.20 क्विंटल धान का विक्रय कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया । इसके साथ ही दिलकेश्वर प्रसाद साहू (ग्राम-सोनपुर) द्वारा भी 50 क्विंटल धान का विक्रय किया गया।
इस अवसर पर दोनों कृषक बंधुओं के चेहरे पर खुशी के भाव थे। कृषक दिलकेश्वर प्रसाद साहू ने बताया कि उन्होंने उपार्जन केंद्र पर अपना टोकन प्राप्त किया और सुलभता के साथ आज धान का विक्रय किया।
खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने कहा आज से धान खरीदी का श्री गणेश पूरे प्रदेश में हुआ है, सभी कृषक बंधुओ को बधाई व शुभकामनाएं।

उन्होनें कहा किसान हमारे अन्यदाता है , देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है।उन्होंने कहा राज्य सरकार धान खरीदी को पूरी तरह व्यवस्थित, पारदर्शी और समयबद्ध रूप में संचालित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने जिला स्तर स्थापित किये गये कमांड सेंटर की चर्चा की और कहा कि किसी भी कृषक को यदि धान विक्रय करने मे कोई समस्या हो तो वो जिला स्तरीय कमांड सेंटर मे संपर्क कर सकते हैं।

इस अवसर पर उन्होंने टोकन तुंहर हाथ मोबाईल एप का जिक्र किया। उन्होंने कहा छत्तीसगढ़ शासन द्वारा प्रदेश के पंजीकृत किसानों को धान खरीदी हेतु टोकन जारी करने की प्रक्रिया के व्यवस्थित प्रबंधन हेतु टोकन तुंहर हाथ मोबाईल एप विकसित किया गया है।
इस एप की सहायता से प्रत्येक किसान स्वयं निर्धारित तिथि पर संबंधित खरीदी केन्द्र में धान विक्रय हेतु टोकन प्राप्त कर सकते है। उन्होंने कहा सुलभ तरीके से धान का विक्रय करने के लिए कृषक बंधु इस एप का उपयोग ज्यादा से ज्यादा करें।

सरगुजा सांसद चिंतामणी महाराज ने कहा कि प्रदेश के किसानों के उपज का एक-एक दाना खरीदने के लिए सरकार दृढ़ संकल्पित है। प्रदेश की विष्णुदेव साय सरकार प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान और 3100 रूपए प्रति क्विंटल की दर से भुगतान कर वायदा निभा रही है। उन्होंने कहा कि पारदर्शी व्यवस्था, डिजिटल टोकन प्रणाली और सुचारू प्रबंधन से इस वर्ष खरीदी और अधिक प्रभावी होगी।
विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते ने कहा कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होना किसानों की मेहनत को उचित मूल्य दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।
समर्थन मूल्य पर धान खरीदी से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई ऊर्जा मिलेगी।

प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी ने कहा प्रदेश के सभी जिलों में 15 नवम्बर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का सबसे बड़ा अभियान शुरू हो गया है। किसान हित में राज्य सरकार का लगभग ढाई महीने तक चलने वाला यह सबसे बड़ा अभियान होगा। धान खरीदी कार्य 15 नवम्बर से शुरू होकर 31 जनवरी 2026 तक चलेगा। सभी कृषक बंधु टोकन काटा कर धान उपार्जन केंद्र पहुंचे और सुगमता के साथ धान का विक्रय करें।
वन विकास निगम के अध्यक्ष व पूर्व गृह मंत्री रामसेवक पैकरा ने कहा कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का शुभारंभ किसानों की मेहनत का उत्सव है। उन्होंने किसानों को प्रेरित करते हुए कहा कि सरकार की योजनाएं तभी सफल होती है
जब किसान उनका पूर्ण लाभ लेकर अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाएं। उन्होंने किसानों को खरीदी सत्र की शुभकामनाएं दी।
कलेक्टर एस.जयवर्धन ने कार्यक्रम में उपस्थित व जिले के सभी कृषक बंधुओं को धान खरीदी महापर्व के शुभारंभ पर बधाई व शुभकामनाएं दी। उन्होंने उपस्थित जनों को धान खरीदी की पारदर्शी प्रक्रिया व उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी।

उन्होंने आगे बताया कि जिले में विगत वर्ष 2024-25 में 59052 पंजीकृत किसानों से 3,97,204.48 मीट्रिक टन धान का उपार्जन कर 91,357.05 लाख रुपये किसानों को भुगतान किया गया है। इस खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में धान खरीदी हेतु 4179 नवीन किसानों सहित कुल 63819 किसान पंजीकृत हैं जिनका रकबा 73069.61 हेक्टेयर है। विगत वर्ष में धान बेचने वाले 57700 किसानों का एग्रीस्टैक पोर्टल में पंजीयन किया जा चुका है । इसके साथ ही उन्होंने बताया कि इस वर्ष धान उपार्जन के लक्ष्य 4,25,009 मीट्रिक टन की खरीदी हेतु अनुमानित 21251 गठान (10625225 नग ) नये – पुराने बारदाना की व्यवस्था भी कर लिया गया है। जिले में 54 धान उपार्जन केन्द्र है। 02 संग्रहण केन्द्र रामनगर (कुम्दा बीट) एवं देवनगर है। जिले में अरवा राईस मिल 47, उसना राईस मिल 05 तथा कुल राईस मिलों की संख्या 52 है।

जिला पंचायत अध्यक्ष चंद्रमणी देवपाल सिंह पैकरा,जिला पंचायत उपाध्यक्ष रेखा राजलाल राजवाड़े,शैलेशअग्रवाल,मुकेश गर्ग, सत्यनारायण सिंह,भीमसेन अग्रवाल,मुरली मनोहर सोनी, शशिकांत गर्ग, अजय अग्रवाल, जनप्रतिनिधिगण,गणमान्य नागरिक, कृषक बंधु, जिला पंचायत सीईओ विजेन्द्र सिंह पाटले, एसडीएम अजय मोडियम व अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
