सूरजपुर।
जिला परिवहन कार्यालय में आम जनता की सुविधा के लिए बनाए गए शौचालय की हालत इन दिनों बेहद दयनीय हो चुकी है। जिस सुविधा को लोगों के उपयोग और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया था, वही अब दुर्गंध और गंदगी का अड्डा बनकर लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गया है।

कार्यालय में अपने कार्यों से आने वाले लोगों को शौचालय के पास पहुंचते ही तीव्र बदबू का सामना करना पड़ता है।

स्थिति इतनी खराब है कि लोग शौचालय का उपयोग करने से कतराने लगे हैं। कई लोगों का कहना है कि यह शौचालय अब सुविधा नहीं बल्कि “बीमारी घर” बन चुका है।

स्थानीय नागरिकों के अनुसार, शौचालय की नियमित साफ-सफाई नहीं की जा रही है। फिनाइल और अन्य स्वच्छता सामग्री का उपयोग न के बराबर है, जिससे गंदगी लगातार बढ़ती जा रही है। यह स्थिति न केवल असुविधाजनक है, बल्कि संक्रमण और विभिन्न बीमारियों के फैलने का खतरा भी बढ़ा रही है।

सरकारी स्तर पर स्वच्छता को लेकर बड़े-बड़े अभियान चलाए जाते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इन दावों की सच्चाई बयां कर रही है। परिवहन कार्यालय का यह हाल बताता है कि जिम्मेदार अधिकारी सफाई व्यवस्था को लेकर कितने गंभीर हैं।

आम जनता ने विभाग से मांग की है कि शौचालय की नियमित और प्रभावी सफाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही स्वच्छता बनाए रखने के लिए आवश्यक संसाधनों का उपयोग कर व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

अब सवाल यह उठता है कि क्या विभाग इस समस्या को गंभीरता से लेकर कोई ठोस कदम उठाएगा, या फिर आम जनता को इसी दुर्गंध और अव्यवस्था के बीच अपने काम निपटाने को मजबूर रहना पड़ेगा।

error: Content is protected !!