सूरजपुर।
जिले के मुख्यमंत्री डी.ए बी. पब्लिक स्कूल, तिलसिवां (सूरजपुर) के प्राचार्य पर मनमानी, अभिभावकों से दुर्व्यवहार तथा प्रवेश प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के गंभीर आरोप लगाते हुए युवा कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष अविनाश यादव ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है

कि विद्यालय में नर्सरी एवं एलकेजी कक्षाओं में ऑनलाइन माध्यम से प्रवेश दिए जाने तथा शासन की आरटीई (शिक्षा का अधिकार) योजना के तहत पात्र बच्चों को निःशुल्क प्रवेश दिए जाने के संबंध में अभिभावकों को पूरी और सही जानकारी नहीं दी जा रही है। इसके कारण कई जरूरतमंद एवं पात्र परिवार शासन की योजना का लाभ लेने से वंचित हो रहे हैं।
ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि विद्यालय के प्राचार्य सुनील महाजन का व्यवहार विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के प्रति असंतोषजनक है। आरोप है कि जानकारी मांगने वाले अभिभावकों को उचित मार्गदर्शन देने के बजाय उनके साथ असम्मानजनक व्यवहार किया जाता है तथा प्रवेश संबंधी जानकारी भी स्पष्ट रूप से उपलब्ध नहीं कराई जाती।

आवेदन में उल्लेख किया गया है कि इस संबंध में कई अभिभावकों द्वारा पूर्व में भी शिकायतें एवं आवेदन प्रस्तुत किए जा चुके हैं, लेकिन अब तक किसी प्रकार की प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी और असंतोष बढ़ रहा है। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि यदि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक नहीं पहुंचता है तो यह अत्यंत गंभीर विषय है।
युवा कांग्रेस ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध आवश्यक एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि विद्यालय में पारदर्शी व्यवस्था स्थापित हो सके और विद्यार्थियों के भविष्य से किसी प्रकार का खिलवाड़ न हो।
