सूरजपुर। शहर में भारी व मालवाहक वाहनों के लिए लागू नो एंट्री व्यवस्था को लेकर उठे सवालों पर आखिरकार प्रशासन ने संज्ञान ले लिया है। सीजी रिपब्लिक न्यूज़ द्वारा प्रमुखता से प्रकाशित खबर के बाद शहर के विभिन्न प्रवेश मार्गों पर लगे धुंधले और छोटे नो एंट्री बोर्डों को तत्काल दुरुस्त कर व्यवस्थित किया गया है।

गौरतलब है कि पूर्व में प्रकाशित खबर में यह उजागर किया गया था कि शहर के चारों ओर लगे नो एंट्री बोर्ड या तो पूरी तरह धुंधले हो चुके थे या इतने छोटे थे कि दूर से आते भारी वाहन चालकों को स्पष्ट दिखाई नहीं देते थे। कई स्थानों पर तो बोर्ड में अंकित निर्देश और समय-सीमा तक मिट चुकी थी, जिसके कारण बाहरी वाहन चालक अनजाने में ही शहर के भीतर प्रवेश कर जाते थे और बाद में ट्रैफिक विभाग की चालानी कार्रवाई का सामना करना पड़ता था।

इस गंभीर समस्या को सीजी रिपब्लिक न्यूज़ द्वारा उठाए जाने के बाद जिला प्रशासन, नगर पालिका प्रशासन एवं ट्रैफिक विभाग हरकत में आया। ट्रैफिक प्रभारी बिरजू पाण्डेय के नेतृत्व में तत्काल कार्रवाई करते हुए शहर के प्रमुख स्थानों पर लगे नो एंट्री बोर्डों को सुधारा गया और उन्हें स्पष्ट व बड़े स्वरूप में व्यवस्थित किया गया।

अब नए एवं स्पष्ट बोर्ड लगाए जाने से भारी वाहन चालकों को नो एंट्री से संबंधित निर्देश और समय-सीमा आसानी से दिखाई देने लगी है। इससे जहां एक ओर चालक अनजाने में शहर के भीतर प्रवेश करने से बचेंगे, वहीं दूसरी ओर अनावश्यक चालानी कार्रवाई से भी राहत मिलेगी।

प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार की उम्मीद जगी है। स्थानीय नागरिकों और भारी वाहन चालकों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है।

error: Content is protected !!