सूरजपुर। नगर के विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से संचालनालय नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा नगर पालिका परिषद सूरजपुर को अधोसंरचना मद अंतर्गत 5 करोड़ 63 लाख 51 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इस स्वीकृति को नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती कुसुमलता राजवाड़े के निरंतर प्रयासों का परिणाम माना जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्वीकृत राशि का उपयोग शहर में सड़क निर्माण, नालियों के सुधार, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, पार्कों के सौंदर्यीकरण तथा सार्वजनिक स्थानों के विकास जैसे कार्यों में किया जाएगा। इससे नगर के नागरिकों को मूलभूत सुविधाओं में व्यापक सुधार मिलेगा।

अध्यक्ष श्रीमती कुसुमलता राजवाड़े ने इस स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि “यह राशि सूरजपुर नगर के सर्वांगीण विकास का मार्ग प्रशस्त करेगी। हमारा प्रयास है कि हर वार्ड में समान रूप से विकास कार्य हों ताकि नगरवासी बेहतर सुविधाओं का लाभ ले सकें।”

उन्होंने आगे कहा कि नगर पालिका प्रशासन अब प्राथमिकता के आधार पर योजनाओं की रूपरेखा तैयार कर रहा है और शीघ्र ही टेंडर प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी। राजवाड़े ने नगरवासियों से अपील की कि वे नगर को स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें

वहीं नगरवासियों ने इस स्वीकृति पर हर्ष व्यक्त करते हुए अध्यक्ष श्रीमती राजवाड़े का आभार जताया। नागरिकों ने कहा कि उनके नेतृत्व में सूरजपुर नगर में विकास की गति तेज़ हुई है। उन्होंने कहा कि हाल के वर्षों में न केवल शहर का स्वरूप निखरा है बल्कि जनसुविधाओं में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं पार्षदों ने भी इसे नगर के लिए “विकास की नई शुरुआत” बताया है। उनका कहना है कि इतनी बड़ी राशि की स्वीकृति से अधूरे पड़े निर्माण कार्य पूरे होंगे और आने वाले दिनों में सूरजपुर नगर का चेहरा और भी निखरेगा।

error: Content is protected !!