सूरजपुर। जिले में अवैध रूप से पेड़ों की कटाई कर पर्यावरण को नुकसान पहुँचाने वाले लकड़ी माफियाओं पर आखिरकार प्रशासन ने शिकंजा कस दिया है। भाजपा नेता संजय गुप्ता उर्फ बबलू की शिकायत पर राजस्व विभाग और वन विभाग की संयुक्त टीम ने सूरजपुर के परी क्षेत्र में छापा मारकर तीन गाड़ियाँ नीलगिरी की अवैध लकड़ियों सहित जब्त कीं।

भाजपा नेता की पहल से हुई कार्रवाई
भाजपा नेता संजय गुप्ता ने बताया कि जिले में लंबे समय से लकड़ी माफिया सक्रिय हैं, जो नीलगिरी पेड़ों की आड़ में इमारती लकड़ियों की कटाई कर रहे हैं।इससे न केवल पर्यावरण को गंभीर नुकसान हो रहा है बल्कि विभागीय लापरवाही से माफियाओं के हौसले बुलंद हैं.उन्होंने इस संबंध में राजस्व विभाग और वन विभाग के अधिकारियों से शिकायत की थी। शिकायत के बाद विभाग ने तत्परता दिखाते हुए कार्रवाई की

तहसीलदार के नेतृत्व में हुई छापेमारी
कार्रवाई के दौरान तहसीलदार सूर्यकांत साय के नेतृत्व में वन विभाग व राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने परी क्षेत्र स्थित गोदाम से तीन बड़ी गाड़ियों में अवैध रूप से लदी लकड़ियों को जब्त किया। जब्त लकड़ियों और वाहनों को वन विभाग को आगे की कार्रवाई के लिए सुपुर्द कर दिया गया है।

पर्यावरण संरक्षण के लिए आवश्यक कदम
भाजपा नेता संजय गुप्ता ने कहा कि “अगर समय रहते ऐसे माफियाओं पर कार्रवाई नहीं की गई तो जिले का पर्यावरण संतुलन पूरी तरह बिगड़ सकता है।” उन्होंने अधिकारियों से आग्रह किया कि जिले में जारी अवैध लकड़ी कटाई पर कठोर कार्रवाई की जाए।

जनता और समाजसेवियों ने की प्रशंसा
इस कार्रवाई की जिले के समाजसेवी संगठनों और जागरूक नागरिकों ने सराहना की है। लोगों ने कहा कि राजस्व और वन विभाग को ऐसे संवेदनशील मामलों में लगातार निगरानी रखनी चाहिए ताकि पर्यावरण की रक्षा हो सके और माफियाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
