सूरजपुर। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तुत बजट को भारतीय जनता पार्टी सूरजपुर के जिला अध्यक्ष मुरली मनोहर सोनी ने प्रदेश के सर्वांगीण विकास का मजबूत आधार बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि जनभावनाओं और जनआकांक्षाओं को साकार करने की ठोस पहल है।

सोनी ने कहा कि सरकार ने किसानों, युवाओं, महिलाओं और जरूरतमंद वर्गों को केंद्र में रखकर योजनाओं का विस्तार किया है। कृषि क्षेत्र में निवेश, सिंचाई सुविधाओं के विकास और आधुनिक तकनीक को बढ़ावा देने जैसे प्रावधान किसानों की आय बढ़ाने में सहायक सिद्ध होंगे।
उन्होंने युवाओं के लिए रोजगारोन्मुख योजनाओं, कौशल विकास कार्यक्रमों और स्वरोजगार को प्रोत्साहन देने वाले प्रावधानों को भविष्य के लिए सकारात्मक संकेत बताया। साथ ही स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में बजट प्रावधानों को आमजन के जीवन स्तर में सुधार लाने वाला कदम बताया।

जिला अध्यक्ष ने कहा कि यह बजट प्रदेश को आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने वाला है और इससे विकास की रफ्तार तेज होगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में यह बजट छत्तीसगढ़ को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
