सूरजपुर। छत्तीसगढ़ सरकार के वर्ष 2026-27 के बजट को लेकर प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी ने इसे जनआकांक्षाओं को समर्पित और विकासोन्मुख बताया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रस्तुत यह बजट गांव, गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के सपनों को नई ऊर्जा देने वाला है।विधायक श्री मरावी ने कहा कि यह केवल आय-व्यय का दस्तावेज नहीं, बल्कि प्रदेश के भविष्य की दिशा तय करने वाला संकल्प-पत्र है। बजट में कृषि और सिंचाई के विस्तार, ग्रामीण सड़कों के सुदृढ़ीकरण, शिक्षा संस्थानों के उन्नयन तथा स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर विशेष बल दिया गया है।

इससे दूरस्थ अंचलों में रहने वाले लोगों को बुनियादी सुविधाओं का लाभ सीधे तौर पर मिलेगा।उन्होंने विशेष रूप से किसानों के हित में किए गए प्रावधानों का उल्लेख करते हुए कहा कि सिंचाई संसाधनों के विकास और कृषि अधोसंरचना के सशक्तिकरण से उत्पादन बढ़ेगा और किसानों की आय में स्थायी वृद्धि होगी। जब किसान मजबूत होगा, तभी प्रदेश समृद्ध होगा,उन्होंने कहा।युवाओं के संदर्भ में विधायक श्री मरावी ने बताया कि बजट में रोजगार सृजन, कौशल विकास और स्वरोजगार को बढ़ावा देने की ठोस पहल की गई है।

इससे प्रदेश के युवाओं को अपने ही क्षेत्र में अवसर मिलेंगे और पलायन की समस्या में कमी आएगी। महिलाओं के सशक्तिकरण से जुड़े प्रावधानों को उन्होंने सामाजिक परिवर्तन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।विधायक ने भरोसा जताया कि सुशासन से समृद्धि के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए यह बजट छत्तीसगढ़ को आत्मनिर्भर और विकसित राज्य बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की नीतियां अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं और यह बजट उसी सोच का प्रतिबिंब है।अंत में मरावी ने कहा कि आने वाले वर्षों में यह बजट गांव-गांव में विकास की नई रोशनी लेकर आएगा और आमजन के जीवन स्तर में ठोस सुधार सुनिश्चित करेगा।

error: Content is protected !!