सूरजपुर।
नगरपालिका सूरजपुर के अंतर्गत आने वाले विभिन्न वार्डों में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है, लेकिन हैरानी की बात यह है कि अब तक प्रशासन द्वारा इस गंभीर समस्या पर कोई ठोस संज्ञान नहीं लिया गया है। शहर के भट्ठापारा, अग्रेशन चौक, लंकापारा से मानपुर रिंग रोड सहित कई इलाकों में रात और दिन दोनों समय आवारा कुत्तों के झुंड राहगीरों पर दौड़ते नजर आ रहे हैं।

स्थानीय नागरिकों के अनुसार, अब स्थिति यह हो चुकी है कि बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और अकेले चलने वाले लोगों के लिए सड़क पर निकलना जोखिम भरा हो गया है। कई लोग इन कुत्तों के झुंड का शिकार हो चुके हैं, जबकि कई बार लोग बाल-बाल जान बचाकर निकल पाए हैं।

CG Republic News लगातार उठा रहा मुद्दा
जनहित से जुड़े इस गंभीर विषय को लेकर CG Republic News लगातार समाचार प्रकाशित कर प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास कर रहा है, लेकिन इसके बावजूद जिम्मेदार विभागों और नगर पालिका प्रशासन की ओर से अब तक कोई प्रभावी कदम उठाया जाना सामने नहीं आया है।
रेबीज का खतरा भी बढ़ा
नागरिकों ने चिंता जताई है कि इन आवारा कुत्तों का न तो नियमित टीकाकरण हो रहा है और न ही नसबंदी अभियान की कोई स्पष्ट व्यवस्था दिख रही है। इससे रेबीज जैसी घातक बीमारी का खतरा भी बढ़ता जा रहा है।

जनता का सवाल—आखिर कब होगी कार्रवाई?
अब शहर में आमजन यह सवाल कर रहे हैं कि आखिर प्रशासन कब जागेगा? कब नगर पालिका और संबंधित विभाग इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए पकड़ अभियान, नसबंदी और टीकाकरण की ठोस शुरुआत करेंगे?
नगरवासियों ने मांग की है कि प्रशासन जल्द से जल्द आवारा कुत्तों पर नियंत्रण हेतु विशेष अभियान चलाए, ताकि सूरजपुर में बढ़ती दहशत को खत्म किया जा सके और जनसुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
