सूरजपुर।
सूरजपुर जिले के समस्त शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों में ड्राइविंग लायसेंस (लर्निंग) कैम्प आयोजित करने तथा सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाने की मांग को लेकर एनएसयूआई जिलाध्यक्ष आकाश साहू के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा गया।

इस दौरान जिलाध्यक्ष आकाश साहू ने कहा कि सूरजपुर जिला शिक्षा एवं युवाओं का प्रमुख केंद्र है, जहां बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं प्रतिदिन दोपहिया और चारपहिया वाहनों का उपयोग करते हैं। जानकारी के अभाव, यातायात नियमों की अनदेखी एवं वैध ड्राइविंग लायसेंस के बिना वाहन चलाने के कारण सड़क दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती है, जो कि गंभीर चिंता का विषय है।
एनएसयूआई ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि जिले के सभी महाविद्यालयों में ड्राइविंग लायसेंस (लर्निंग) हेतु विशेष कैम्प लगाए जाएं, जिससे विद्यार्थियों को सरल प्रक्रिया के माध्यम से लाइसेंस उपलब्ध हो सके। साथ ही कैम्पों के दौरान “सड़क सुरक्षा–जीवन सुरक्षा” विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर हेलमेट व सीट बेल्ट की अनिवार्यता, गति सीमा का पालन, यातायात संकेतों की जानकारी तथा सुरक्षित वाहन संचालन के प्रति छात्रों को जागरूक किया जाए।

एनएसयूआई का कहना है कि इस पहल से युवाओं में यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदारी बढ़ेगी और सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सकेगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान एनएसयूआई प्रदेश सचिव राजेश साहू, मुस्तफा खान, सह सचिव लिवनेश सिंह, रुद्र प्रताप सिंह, रेहान, शिवम साहू, अंकुश गुप्ता, मनोज सिंह, नितेश साहू, कमलेश सिंह, सोमू खान, आयुष शांडिल्य, निलेश सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!