सूरजपुर। भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ प्रदेश संगठन द्वारा युवामोर्चा के जिला अध्यक्ष एवं महामंत्री पदों की सूची जारी की गई है। यह सूची प्रदेश कार्यालय से भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव के निर्देशानुसार जारी की गई, जिसमें देव गुप्ता को भारतीय जनता पार्टी सूरजपुर युवा मोर्चा का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
देव गुप्ता के नाम की घोषणा होते ही जिले में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों में हर्ष का माहौल देखा गया। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों, मंडल अध्यक्षों, युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं सहित पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों से जुड़े पदाधिकारियों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

कार्यकर्ताओं ने उम्मीद जताई कि देव गुप्ता के नेतृत्व में युवा मोर्चा संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी तथा युवाओं को पार्टी से जोड़ने का कार्य और अधिक मजबूती से किया जाएगा। साथ ही आगामी चुनावों एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों में युवा मोर्चा की भूमिका प्रभावी रहेगी।
देव गुप्ता ने प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे तथा संगठन को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य करेंगे।
